सोनीपत : गुरुनानक प्रकाश पर्व से पहले सिख समाज के लोगों ने रविवार सुबह नगर कीर्तन का आयोजन किया। कोरोना संक्रमण में भीड़ से बचने के लिए नगर कीर्तन सुबह चार बजे से निकाला गया। कीर्तन में भाग लेने वाली संगत के कोरोना टेस्ट कराए गए थे। इसके साथ ही मुख्य प्रकाश पर्व का आयोजन सोमवार को गीताभवन गुरुद्वारा साहिब में किया जाएगा। मुख्य आयोजन दिन और रात में दो पारियों में संपन्न होगा।
गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा गीता भवन चौक से सुबह चार बजे से प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। प्रभात फेरी को नगर कीर्तन के रूप में निकाला गया। कोरोना संक्रमण से बचने के लिए नगर कीर्तन में शामिल होने वालों के कोरोना टेस्ट कराए गए थे। भीड़ से बचने के लिए नगर कीर्तन को सुबह चार बजे से निकाला गया। नगर कीर्तन गीताभवन गुरुद्वारा साहिब से आरंभ होकर गुरुद्वारा साहेब हेम नगर सेक्टर 15, गुरुद्वारा साहब 4 मरला गुरुद्वारा साहब, सुजान सिंह पार्क, गुरुद्वारा साहब माडल टाउन होते हुए वापस गीता भवन चौक पर पहुंचकर पूर्ण हुआ। नगर कीर्तन में कई संगत ने शबदवाणी का गायन किया। इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब के प्रधान सरदार बलवंत सिंह ने संगत को बधाई दी। रास्ते में अनेक संस्थाओं ने स्वागत द्वार बनाकर एवं प्रसाद के स्टाल लगाकर नगर कीर्तन का स्वागत किया।
गुरुद्वारा समिति के सदस्य परमजीत सिंह ने बताया कि 30 नवंबर को गुरु नानक जयंती के दिन गुरुद्वारा श्री गुरुनानक सत्संग सभा गीता भवन चौक में कीर्तन दरबार सजाया जाएगा। दोपहर को और रात को दोनों पारियों में कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही गुरु का अटूट लंगर लगाया जाएगा। इस मौके पर पंजाब से रागी सिंह भाई रविदर सिंह राज एवं भाई विक्रम सिंह संगत को शबद कीर्तन श्रवण कराएंगे। गुरु नानक जयंती के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा प्रबंधक समितियों ने विशेष तौर पर गुरुद्वारों को रंग बिरंगी रोशनी से सजाया है। नगर कीर्तन में सरदार अजीत सिंह, परमजीत सिंह, मोहन सिंह मनोचा, सरदार शमशेर सिंह, विक्रम सिंह, मनजीत सिंह, बिल्लू सिंह, कुलविदर सिंह व अरविदर सिंह आदि उपस्थित रहे।