राई। गांव बढ़मलिक के पास स्थित रामनगर कॉलोनी में तालाब के पास छात्र का शव झाड़ियों में पड़ा मिला है। उसके मुंह में ज्योमेट्री बाक्स का नुकीला परकार फंसा मिला है। बीबीए करने के बाद छात्र फिलहाल डिजाइनिंग का कोर्स कर रहा था। वह शनिवार शाम को घर से निकला था। उसके मुंह और नाक से खून निकला हुआ था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों का पता नहीं लगने के चलते विसरा जांच के लिए मधुबन भेजा गया है।
मूलरूप से बिहार के जिला सिवान के गांव चकरी की रहने वाली सुनीता देवी ने बताया कि वह फिलहाल करीब चार दशक से रामनगर कॉलोनी में मकान बनाकर रहते हैं। उसके पति निजी कंपनी में काम करते हैं। उसका बड़ा बेटा सन्नी (22) शनिवार देर शाम घर से बाहर गया था। उसके बाद से उसका सुराग नहीं लगा। उसने व उसके परिजनों ने सन्नी की तलाश की थी, लेकिन कोई पता नहीं लग सका। रविवार सुबह रामनगर कॉलोनी में तालाब के किनारे झाड़ियों में शन्नी का शव पड़ा मिला। उसके मुंह व नाक पर खून लगा था और उसके मुंह में ज्योमेट्री बाक्स में आने वाला नुकीला परकार फंसा हुआ था। उसकी चप्पल दस फुट दूर पड़ी थी। सन्नी की जेब में एक पर्श मिला। जिसमें 502 रुपये व उसके फोटो थे। परिजनों की सूचना पर राई थाना प्रभारी विवेक मलिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक सन्नी शर्मा के मामा उपेंद्र के बयान पर 174 के तहत कार्रवाई की है।
पढ़ाई में काफी होशियार था सन्नी
परिजनों ने बताया कि सन्नी पढ़ाई में काफी होशियार था। उसने नवोदय विद्यालय से 12वीं कक्षा उत्तीर्ण की थी। बीबीए की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह डिजाइनिंग का कोर्स कर रहा था। देर शाम घर से जाने के बाद उसे परिजन रात 12 बजे तक तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। उसका मोबाइल फोन भी घर पर था। सुबह उसका शव ही मिला।
कई दिन से मानसिक रूप से परेशान था सन्नी
सन्नी के मामा उपेंद्र ने बताया कि वह तीन-चार दिन से मां सुनीता को बोल रहा था कि उसका मन नहीं लग रहा है। वह बाहर घूमने जाना चाहता है। वह घर से 500 रुपये लेकर निकला था। पुलिस जांच में सन्नी की जेब से 502 रुपये ही मिले हैं। वह कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था।
- विवेक मलिक, थाना प्रभारी, राई।