पुलिस ने संदिग्ध हालत में मुरथल में ढाबे के बाहर कार में बैठी महिला की तलाशी ली। पुलिस को महिला के बैग से अवैध पिस्टल और कारतूस मिले। उसको अवैध हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। महिला ने बताया कि अपनी सौतन से जान का खतरा है, जिसके चलते वह पिस्टल रखती है।
मुरथल थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि मंगलवार रात को एक सफेद कार सुखदेव ढाबे पर आने वाली है। उस कार में बैठी महिला के पास अवैध पिस्टल है। वह किसी अपराध को अंजाम देने की फिराक में है। इस पर हेड कांस्टेबल अरविंद कुमार की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने देखा कि कार में एक महिला बैठी हुई थी।
महिला के पर्स से मिली अवैध पिस्टल
महिला पुलिसकर्मी की मदद से कार व महिला की तलाशी ली गई। इस दौरान महिला के बैग से पुलिस को एक अवैध पिस्टल और कारतूस मिले। महिला की पहचान उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के गांव गौसपुर की शमा परवीन के रूप में हुई है। आजकल वह गाजियाबाद के कौशांबी में भोवापुर के पास मीडिया टावर में रहती है।
सौतन से था जान का खतरा
महिला ने बताया कि उसने इस पिस्टल को उत्तर प्रदेश से खरीदा था। वह आजकल लिवइन में रह रही है। उसके पति की पहली पत्नी गांव में रहती है। उसको अपनी सौतन से जान का खतरा है, जिसके चलते वह पिस्टल को अपने पास रखती है। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया। उसको न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसको जेल भेज दिया गया।